
@sushil tiwari
कोरबा जिले के गेवरा स्थित कल्याण मंडप भवन में झरिया धोबी बरेठ समाज सेवा समिति द्वारा 11वां संभागीय सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में संभाग भर से बड़ी संख्या में समाज के पदाधिकारी, कार्यकर्ता परिवार के साथ शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत एवं समाज की पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ किया गया।
सम्मेलन के दौरान समाज द्वारा किए गए सामाजिक, शैक्षणिक एवं संगठनात्मक कार्यों की गतिविधियों एवं आगामी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
सम्मेलन में कोयलांचल क्षेत्र के श्रमिक नेता जनाराम कर्ष को झरिया धोबी बरेठ समाज सेवा समिति का संभागीय अध्यक्ष निर्वाचित किया गया। निर्वाचन शांतिपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। अध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में जनाराम कर्ष को 84 मत प्राप्त हुए, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी रोशन लाल को 46 मत मिले। इस प्रकार जनाराम कर्ष ने 38 मतों के अंतर से जीत दर्ज की।

संभागीय निर्वाचन 2026 में महासचिव पद पर दीपक बरेठ तथा कोषाध्यक्ष पद पर राम सिंह कर्ष निर्वाचित हुए। वहीं उप संभागीय उपाध्यक्ष के रूप में पीयूष निर्मलकर, नारायण कर्ष, छबी लाल बरेठ, लाखा राम कर्ष एवं गिरधारी लाल बरेठ को जिम्मेदारी सौंपी गई।
उप संभागीय संयुक्त सचिव पद पर धर्मेंद्र बरेठ, बोधराम कर्ष, केशव प्रसाद बरेठ, नरेश कुमार कर्ष एवं प्रेम कुमार बरेठ निर्वाचित हुए।
नवनिर्वाचित संभागीय अध्यक्ष जनाराम कर्ष ने अपने उद्बोधन में कहा कि समाज की एकजुटता ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने शिक्षा, संगठन एवं सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने पर जोर देते हुए कहा कि युवाओं को आगे लाकर समाज को नई दिशा देने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर विकास एवं उत्थान के लिए निरंतर कार्य करने की बात कही।
सम्मेलन के अंत में समाज के वरिष्ठजनों का सम्मान किया गया तथा नव निर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दी गईं। कार्यक्रम में संभाग भर से हजारों की संख्या में समाज प्रतिनिधियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।



