
महासमुंद। फेसबुक पर भडक़ाउ पोस्ट लिखने को लेकर पूर्व विधायक डॉ. विमल चोपड़ा के खिलाफ सर्व आदिवासी दल ने एफ आईआर दर्ज कराई है। डॉ. चोपड़ा पर आरोप है कि उन्होंने अपने फेसबुक पोस्ट में मणिपुर के बाद छत्तीसगढ़ की पारी है लिखकर पोस्ट किया है।
आदिवासी दल ने अपने शिकायत पत्र के जरिए कहा है कि मणिपुर में जातीय हिंसा चरम पर है। महिलाओं को नग्न घुमाया जा रहा है। सामूहिक बलात्कार के बाद हत्या की गई है। सैकड़ों के घर जलाए गए हैं। हत्या और नरसंहार हो रहा है। इसे लेकर पूरा देश आक्रोश में है। ऐसे में डॉ. चोपड़ा नेे सोशल मीडिया में पोस्ट किया है कि मणिपुर के बाद अब छत्तीसगढ़ की पारी है, जो छत्तीसगढ़ प्रदेश में जातीय हिंसा को बढ़ाने के लिए काफी है। इसे हेट स्पीच मानी जाए।
आदिवासी दल ने कहा है कि डॉ. विमल चोपड़ा ने छत्तीसगढ़ प्रदेश में नरसंहार शुरू करने की घोषणा का आह्वान किया है। इनका कृत्य जातीय सद्भावना को भडक़ाने का है। समुदायों को लड़वाना, हत्या के लिए उकसाना, देश में आरजकता फैलाना तथा देशद्रोह जैसे जघन्य अपराध की श्रेणी में आता है। जबकि सर्वोच्च न्यायालय का स्पष्ट आदेश है कि हेट स्पीच आरोपियों के विरुद्ध पुलिस तुरंत स्वत: संज्ञान लेवें। लिहाजा पुलिस ने डॉ. चोपड़ा के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।