
रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर इंडिगो की एक फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। यह निर्णय विमान में सवार एक युवक की तबीयत अचानक बिगड़ने के चलते लिया गया। फ्लाइट के लैंड होते ही युवक को तत्काल माना सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
ब्लड कैंसर से पीड़ित था गौतम:
मृतक की पहचान पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर निवासी गौतम बावरी के रूप में हुई है, जिसकी उम्र लगभग 24 से 25 साल बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, गौतम ब्लड कैंसर से पीड़ित था और इलाज के लिए इंडिगो की दुर्गापुर से मुंबई जा रही फ्लाइट में सफर कर रहा था। रास्ते में उसकी तबीयत बिगड़ने पर पायलट ने रायपुर एयरपोर्ट पर आपातकालीन लैंडिंग का फैसला लिया।



