सावन की हरियाली में झूला झूलती नजर आईं महिलाएं, मानस मंडली प्रगति नगर दीपका में धूमधाम से मनाया गया सावन महोत्सव
मानस मंडली का सावन उत्सव धूमधाम से मनाया

@sushil tiwari 9926176119
प्रकृति की हरियाली और रिमझिम फुहारों के बीच सावन का स्वागत मानस मंडली प्रगति नगर दीपका द्वारा पारंपरिक उल्लास और सांस्कृतिक रंगों के साथ शुक्रवार को किया गया। सावन महोत्सव का आयोजन कॉलोनी परिसर में अत्यंत हर्षोल्लास और भव्यता के साथ किया गया, जिसमें कॉलोनी की समस्त महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता श्रीमती सरस उपाध्याय ने की। उनके नेतृत्व में महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों में सजधज कर झूला झूला, गीत-संगीत और नृत्य प्रस्तुतियों के माध्यम से सावन का स्वागत किया। मानस समिति ने सावन सुंदरी का लाटरी पद्धति से चुनाव किया जिसमें प्रथम सावन सुंदरी-सुरेखा पांडेय, द्वितीय-मधु तिवारी और तृतीय-सुनीता भदौरिया को नामित किया गया ।
महोत्सव के दौरान मनोरंजन के कई आयोजन किए गए, जिसमें पारंपरिक लोकगीतों पर समूह नृत्य, सावन थीम पर फैशन शो, और खेल प्रतियोगिताएं आकर्षण का केंद्र रहीं। आयोजन स्थल को पारंपरिक झूले, बंदनवार, फूलों और रंगीन साड़ियों से सजाया गया था, जिससे माहौल पूरी तरह सावनमय हो गया था। उत्सव में विजेता प्रतिभागियों को पारितोषिक देकर सम्मानित किया गया।