CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में ठंड ने दी दस्तक, तापमान में गिरावट शुरू

CG Weather Update: बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र और साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कमजोर पड़ने से छत्तीसगढ़ में मौसम का रुख बदलने लगा है। नमी में कमी आने के साथ अब ठंड ने दस्तक दे दी है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में तापमान में तेज गिरावट की संभावना जताई है।
अगले 24 घंटे में पारे में गिरावट
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले 24 घंटे के भीतर प्रदेश के कई हिस्सों में रात के तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। जबकि दो दिन बाद मध्य और दक्षिणी जिलों में मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा, जिससे पारे में चार डिग्री तक की कमी संभव है।
बस्तर में हल्की बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने गुरुवार को बस्तर संभाग के कुछ जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की वर्षा की संभावना जताई है। वहीं, उत्तरी छत्तीसगढ़ में 6 नवंबर से और मध्य व दक्षिणी क्षेत्रों में 7 नवंबर से ठंड का असर और बढ़ने की उम्मीद है।
तापमान का हाल: अंबिकापुर सबसे ठंडा
पिछले 24 घंटे के दौरान छत्तीसगढ़ में अधिकतम तापमान मनेंद्रगढ़ में 33.2°C और न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 12.2°C दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, आने वाले दिनों में तापमान में लगातार गिरावट जारी रहेगी।
कमजोर हो रहा निम्न दबाव तंत्र
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, निम्न दबाव का क्षेत्र उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी से लेकर म्यांमार तट तक फैला हुआ है। इसके साथ ऊपरी हवा में लगभग 5.8 किलोमीटर तक चक्रीय परिसंचरण सक्रिय है। लेकिन यह सिस्टम अब धीरे-धीरे कमजोर हो रहा है, जिससे बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी की मात्रा घटने लगी है।
ठंडी सुबहें और सर्द रातें लौटेंगी
विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में सुबह और रात के समय ठंड में बढ़ोतरी होगी। दिन में हल्की धूप रहेगी, लेकिन रातें अब ठंडी महसूस होंगी। मौसम में आए इस बदलाव के चलते लोग अब गरम कपड़े, रजाई और कंबल निकालने लगे हैं, क्योंकि सर्दी ने धीरे-धीरे अपनी मौजूदगी दर्ज करानी शुरू कर दी है।



