सरदार पटेल जयंती पर यूनिटी मार्च में हंगामा: पहली कतार में चलने को लेकर भाजपा नेताओं में कहासुनी

बिलासपुर — सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर मंगलवार को बिलासपुर में निकाले गए “सरदार @150 यूनिटी मार्च” में उस समय हंगामा मच गया, जब भाजपा के दो नेताओं के बीच आगे चलने को लेकर बहस छिड़ गई।
जानकारी के अनुसार, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू के नेतृत्व में यह मार्च तिफरा स्थित काली मंदिर से शुरू हुआ। साहू के साथ भाजपा नेत्री हर्षिता पांडेय सबसे आगे चल रही थीं। उसी दौरान बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला भी आगे बढ़कर पहली लाइन में आने लगे। इस पर दोनों नेताओं के बीच नोकझोंक शुरू हो गई।
स्थिति बिगड़ने लगी तो केंद्रीय मंत्री तोखन साहू और वरिष्ठ विधायक धरमलाल कौशिक ने बीच में आकर मामला शांत कराया। हालांकि यह झड़प थोड़ी देर के लिए मार्च का ध्यान आकर्षित कर गई।
एकता रैली में उमड़ा जनसैलाब, तीन दिन तक चलेगा कार्यक्रम
“सरदार @150 यूनिटी मार्च” का आयोजन शहरभर में राष्ट्रीय एकता और अखंडता के संदेश को फैलाने के लिए किया गया है। यह रैली 11 से 13 नवंबर तक चलेगी।इस दौरान धरमलाल कौशिक, अमर अग्रवाल और अन्य वरिष्ठ भाजपा नेता भी मौजूद रहे। नेताओं ने कहा कि सरदार पटेल ने देश की एकता को नई दिशा दी, और उनके दिखाए मार्ग पर चलना ही सच्ची श्रद्धांजलि है।



