Cabinet Meeting: कल साय कैबिनेट की बैठक, मुख्य सचिव अमिताभ जैन को दी जाएगी विदाई, कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी लगेगी मुहर…

रायपुर: छत्तीसगढ़ में 30 सितंबर को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में राज्य मंत्रिपरिषद की अहम बैठक आयोजित की जाएगी। यह बैठक दोपहर 3.30 बजे मंथनालय, अटल नगर, रायपुर में होगी। इस बैठक में कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर निर्णय लिए जाने की संभावना है।
मुख्य सचिव अमिताभ जैन को कैबिनेट में विदाई
इस बैठक में मुख्य सचिव अमिताभ जैन को सम्मानित करते हुए विदाई दी जाएगी। छत्तीसगढ़ बनने के बाद यह दूसरी बार होगा जब किसी मुख्य सचिव को कैबिनेट की बैठक में औपचारिक विदाई दी जाएगी। इससे पहले 2014 में पूर्व मुख्य सचिव सुनिल कुमार को विदाई दी गई थी।
अमिताभ जैन का सेवा विस्तार और रिटायरमेंट
अमिताभ जैन को पहले 30 जून को रिटायर होना था, लेकिन भारत सरकार द्वारा तीन महीने के सेवा विस्तार के आदेश मिलने के कारण वे अभी तक पद पर बने हुए हैं। 30 सितंबर को यह एक्सटेंशन समाप्त होगा और उसके बाद वे सेवानिवृत्त हो जाएंगे।
नए मुख्य सचिव विकास शील का स्वागत
अमिताभ जैन के बाद विकास शील को छत्तीसगढ़ का नया मुख्य सचिव नियुक्त किया गया है। कैबिनेट बैठक में उनके स्वागत समारोह का आयोजन भी किया जाएगा।
कैबिनेट बैठक में अन्य अहम मुद्दों पर चर्चा
बैठक में राजस्व, पंजीयन और भूमि के गाइडलाइन रेट से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी विचार किया जाएगा। सरकार इस अवसर पर भूमि मूल्य निर्धारण से जुड़े बड़े फैसले भी ले सकती है।