Dhan Kharidi: 2025-26: छत्तीसगढ़ में 15 नवंबर से शुरू होगी धान खरीदी, किसानों को मिलेगा ₹3100 प्रति क्विंटल

छत्तीसगढ़ सरकार ने खरीफ विपणन सत्र 2025-26 के लिए 15 नवंबर से धान खरीदी शुरू करने की घोषणा कर दी है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने स्पष्ट किया कि “हमारी सरकार सबका धान खरीदेगी”, जिससे किसानों में विश्वास का माहौल बना है। इस बार प्रदेश में 160 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी का अनुमान लगाया गया है।
किसानों को मिलेगा ₹3100 प्रति क्विंटल
कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने बताया कि सरकार अपने वादे के मुताबिक किसानों को प्रति क्विंटल ₹3100 का भुगतान करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान की खरीदी की जाएगी। प्रदेश में लगातार बारिश के बावजूद धान खरीदी की शुरुआत नवंबर में ही की जाएगी।
पहले मिलेगी कैबिनेट की मंजूरी
धान उपार्जन के लिए बनी नई नीति और कस्टम मिलिंग नीति का प्रारूप तैयार हो चुका है। इसे जल्द ही दीपावली से पहले कैबिनेट बैठक में मंजूरी के लिए प्रस्तुत किया जाएगा। नीति को पहले ही मंत्रिमंडलीय उप समिति द्वारा मंजूरी दी जा चुकी है।
किसानों को ऑनलाइन टोकन और प्राथमिकता
धान बेचने के लिए किसानों को ऑनलाइन टोकन जारी किए जाएंगे। इस बार छोटे और सीमांत किसानों के धान को प्राथमिकता से खरीदा जाएगा, ताकि सभी को समय पर लाभ मिल सके।
एग्रीस्टेक और पोर्टल से पंजीकरण शुरू
धान खरीदी के लिए एकीकृत किसान पोर्टल और एग्रीस्टेक पर किसानों का पंजीकरण शुरू हो चुका है। पंजीकृत किसानों से ही न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर धान खरीदी की जाएगी। नई नीति के तहत इस बार धान उपार्जन करने वाली सोसाइटियों और मिलिंग करने वाले मिलर्स को सरकार की ओर से कुछ राहत दिए जाने की भी संभावना है, जिससे उपार्जन और मिलिंग प्रक्रिया को सुचारु बनाया जा सके।