सीबीएसई 12वीं में डीएवी गेवरा का शानदार प्रदर्शन, कॉमर्स में सुहाना और साइंस में कोमल रहीं टॉपर

@Sushil Tiwari
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) द्वारा घोषित 12वीं बोर्ड परीक्षा परिणाम में डीएवी पब्लिक स्कूल गेवरा के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। विद्यालय के 89 विद्यार्थियों में से 4 छात्रों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर स्कूल का नाम रोशन किया।
कॉमर्स संकाय में सुहाना प्रसाद ने 93.2 प्रतिशत अंक हासिल कर पहला स्थान प्राप्त किया। प्रिंस जायसवाल 91.6 प्रतिशत के साथ दूसरे तथा संस्कृति जायसवाल 87.8 प्रतिशत अंक लेकर तीसरे स्थान पर रहीं। वहीं विज्ञान संकाय में कोमल पटेल ने 91.8 प्रतिशत अंक अर्जित कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया। कानूश सिंह 90.6 प्रतिशत के साथ दूसरे तथा वंशिका कंवर 88.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर तीसरे स्थान पर रहीं।

विद्यालय की एक विशेष उपलब्धि यह भी रही कि संस्कृत विषय में पांच विद्यार्थियों ने शत-प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। विद्यार्थियों की सफलता पर विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों ने खुशी जताई।
डीएवी पब्लिक स्कूल गेवरा के प्राचार्य टी.पी. राव ने विद्यार्थियों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह परिणाम छात्रों की मेहनत, शिक्षकों के समर्पण और अभिभावकों के सहयोग का प्रतिफल है। उन्होंने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि निरंतर अनुशासन, लगन और सकारात्मक सोच से ही सफलता प्राप्त होती है। प्राचार्य ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आगे भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
क्षेत्रीय निदेशक प्रशांत कुमार एवं मैनेजर सी.एम. पांडेय ने सभी सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।




