पांच दिवसीय जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, नपा दीपका के CMO राजेश गुप्ता ने विजेताओं को किया मोटिवेट
कर्मा तेजस्वी खेल विकास संगठन गेवरा सोसाइटी का सफल आयोजन

@sushil tiwari
कर्मा तेजस्वी खेल विकास संगठन गेवरा सोसाइटी कोरबा छत्तीसगढ़ समिति द्वारा आयोजित पांच दिवसीय जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिता का समापन पुरस्कार वितरण समारोह के साथ संपन्न हुआ।
प्रतियोगिता में जिलेभर से शामिल खिलाड़ियों ने विभिन्न खेलों में शानदार प्रदर्शन कर खेल प्रतिभा का परिचय दिया। आयोजन के दौरान गेवरा क्षेत्र में खेलों को लेकर उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला।
प्रतियोगिता के तहत 10 मई को ताइक्वांडो, 11 मई को बॉक्सिंग एवं शतरंज, 12 मई को कबड्डी और योगा तथा 13 मई को वॉलीबॉल प्रतियोगिता आयोजित की गई। सभी प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने अनुशासन और खेल भावना के साथ भाग लिया।
15 मई को शाम 5 बजे से 7 बजे तक आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में नगर पालिका परिषद के सीएमओ राजेश कुमार गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष हर्षित देवी राजपूत, पार्षद इस्तिखार अली, आकाश साहू, अविनाश यादव, धीरेन्द्र तिवारी, सांसद प्रतिनिधि तनवीर अहमद, प्रदेश सह सचिव कांग्रेस रजनीश तिवारी, सृष्टि महिला मंडल अध्यक्ष गौरी चक्रवर्ती एवं प्रभारी प्रिया पटेल सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी, अभिभावक और नगर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

नपा दीपका के सीएमओ राजेश कुमार गुप्ता ने प्रतियोगिता की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया । उन्होंने आगे कहा कि शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद में भी बच्चे अपना अच्छा करियर बना सकते हैं तथा भविष्य में हर संभव सहयोग देने का आश्वासन भी दिया। वहीं कांग्रेस नेता तनवीर अहमद ने भी बच्चों को हौसला अफजाई करते हुए महिला समिति की खेलकूद में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रशंसा किया।
खेल संगठन की महिला समिति ने पत्रकारों को भी गेम्स में एक दिवस के लिए बतौर अतिथि आमंत्रित किया था, जिसमें सुशील तिवारी मनोज महतो और नितेश शर्मा उपस्थित हुए थे । पत्रकार मनोज महतो ने समिति की सक्रिय भागीदारी के लिए ₹2100 का आर्थिक सहयोग प्रदान किया था । वही पत्रकार सुशील तिवारी और नितेश शर्मा ने अपने वक्तव्य में बच्चों को प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम का संचालन संगठन की सचिव भुवनेश्वरी जायसवाल ने किया, जबकि अध्यक्षा रेणु तिवारी ने आभार प्रदर्शन किया। अतिथियों ने संगठन की खेल शिक्षिका और उपाध्यक्ष वेदिका साहू की मेहनत और समर्पण की विशेष सराहना की। साथ ही समिति की महिला सदस्यों के योगदान को भी प्रशंसनीय बताया।



