
सुशील तिवारी
नगर पालिका दीपका में भाजपा का खाता खुला, वार्ड 8 से आलोक परेडा निर्विरोध विजयी
नगर पालिका परिषद दीपका के वार्ड क्रमांक 8 सरदार वल्लभभाई पटेल गरुड़ नगर से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रत्याशी आलोक परेडा को निर्विरोध विजयी घोषित किया गया है। इस जीत के साथ नगर पालिका दीपका में भाजपा का खाता खुल गया है।
जानकारी के अनुसार इस वार्ड से भाजपा सहित दो निर्दलीय प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया था। लेकिन नाम वापसी की अंतिम तिथि तक निर्दलीय प्रत्याशी रविंद्र सिंह नेन ने अपना नामांकन वापस ले लिया। इसके बाद चुनावी मैदान में केवल भाजपा प्रत्याशी आलोक परेडा ही शेष रह गए, जिसके चलते निर्वाचन प्रक्रिया के तहत उन्हें रिटर्निंग ऑफिसर तुलाराम भारद्वाज ने निर्विरोध विजयी घोषित कर दिया गया।
मनोज शर्मा की कुशल रणनीति का असर
नगर पालिका चुनाव में भारतीय जनता पार्टी कोरबा के जिला अध्यक्ष मनोज शर्मा की कुशल रणनीति साफ दिखाई दे रही है। उनकी मजबूत संगठन क्षमता और चुनावी प्रबंधन का असर यह रहा कि निर्दलीय प्रत्याशी ने नामांकन वापस ले लिया। पार्टी सूत्रों के अनुसार मनोज शर्मा की नेतृत्व क्षमता और भाजपा संगठन की मजबूती को देखते हुए निर्दलीय प्रत्याशी ने मुकाबले से हटने का फैसला किया, जिससे भाजपा को निर्विरोध जीत मिली।
विजय के बाद कार्यकर्ताओं में उत्साह
आलोक परेडा की इस जीत से भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में जबरदस्त उत्साह है। भाजपा नेताओं ने इसे पार्टी के लिए सकारात्मक संकेत बताया और कहा कि यह दीपका क्षेत्र में भाजपा की बढ़ती पकड़ का प्रमाण है। निर्विरोध विजयी घोषित होने के बाद आलोक परेडा ने जनता का आभार व्यक्त किया और भरोसा दिलाया कि वे वार्ड के विकास के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे।
भाजपा को नगर पालिका चुनाव में बढ़त
इस जीत से नगर पालिका दीपका में भाजपा का मनोबल और मजबूत हुआ है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इससे अन्य वार्डों में भी भाजपा को बढ़त मिल सकती है। पार्टी कार्यकर्ताओं का मानना है कि यह जीत संगठन की एकता और रणनीतिक कौशल का परिणाम है जो आगे आने वाले चुनावों में भी देखने को मिलेगा।




