राष्ट्रपति मुर्मू 20 नवंबर को अंबिकापुर आएंगी: राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस के मुख्य समारोह में होंगी शामिल

छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर (सरगुजा) में आगामी राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस का मुख्य आयोजन 20 नवंबर को होगा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू इस विशेष कार्यक्रम में शामिल होंगी। पहले यह आयोजन 15 नवंबर को निर्धारित था, लेकिन अब तिथि बदलकर 20 नवंबर तय की गई है। सूत्रों के मुताबिक, राष्ट्रपति के आगमन की आधिकारिक पुष्टि हो चुकी है और राज्य सरकार ने तैयारियों में तेजी शुरू कर दी है।
मुख्यमंत्री ने दिल्ली जाकर दिया था निमंत्रण
पिछले महीने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दिल्ली में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात कर उन्हें कार्यक्रम में आमंत्रित किया था। राज्य सरकार इस आयोजन को तीन दिवसीय महोत्सव के रूप में भव्य स्तर पर आयोजित करने की योजना बना रही है।
लोककला महोत्सव और कर्मा महोत्सव का समापन भी इसी दिन
कार्यक्रम की रूपरेखा के अनुसार, राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस के दौरान बैगा-गुनिया हथजोड़ सम्मान निधि की शुरुआत की जाएगी। साथ ही शहीद वीर नारायण सिंह की स्मृति में आयोजित लोककला महोत्सव और कर्मा महोत्सव का समापन भी इसी अवसर पर किया जाएगा।
उपराष्ट्रपति 5 नवंबर को राजनांदगांव दौरे पर आएंगे
राष्ट्रपति के दौरे से पहले देश के उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन भी 5 नवंबर को राजनांदगांव जिले के प्रवास पर रहेंगे। वे यहां कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे, जिनमें ‘लखपति दीदी सम्मेलन’ और ‘उदयाचल मल्टी स्पेशियलिटी नेत्र चिकित्सा संस्थान’ का उद्घाटन प्रमुख है।
राजनांदगांव में रहेगा व्यस्त कार्यक्रम
उपराष्ट्रपति का कार्यक्रम सुबह 12.35 बजे रायपुर एयरपोर्ट से रवाना होकर 1.10 बजे राजनांदगांव पहुंचने का है। वे विभिन्न स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होंगे और दोपहर 3.55 बजे रायपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।



